नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारतीय संविधान उनके सहित करोड़ों नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है और संविधान की असाधारण भावना ने एक साधारण तथा वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले बालक को भी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने में सक्षम बनाया है। कांग्रेस का नाम लिए बिना उन्होंने विपक्षी पार्टी पर उसके शासनकाल में संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने 2019 में अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त करने का श्रेय अपनी सरकार को दिया और इसे ‘‘एक ऐतिहासिक गलती को सुधारना’’ बताया। उनके अनुसार, इन अनुच्छेदों के कारण जम्मू कश्मीर में संविधान को पूरी तरह लागू नहीं किया जा सका था। बृहस्पतिवार को प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित अपने हस्ताक्षरित लेख में मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास संविधान के साथ लोगों, खासकर युवाओं के जुड़ाव को सामूहिक चेतना में और गहरा करना तथा भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी एकता की भावना को मजबूत करना रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जैसे विविधतापूर्ण देश के लिए यह महत्वपूर्ण है कि संविधान की गूंज संसद और अदालतों की सीमाओं से कहीं आगे तक पहुंचे, जहां अनेक धर्म, भाषाएं, रीति-रिवाज और विचारधाराएं हैं। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से एक दशक से भी अधिक समय पहले केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे सहित करोड़ों भारतीयों के लिए भारत का संविधान हमारे जीवन की यात्रा का अभिन्न हिस्सा है।’’
मोदी ने कहा कि जब भी वह अपने बचपन, उन साधारण परिस्थितियों और रोजमर्रा के संघर्षों को याद करते हैं, जिनमें उनका पालन-पोषण हुआ, तो संविधान के प्रति उनके मन में कृतज्ञता की गहरी भावना उमड़ पड़ती है। उन्होंने कहा, ‘‘एक साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में जन्मे बालक को, जिसे जन्म से कोई विशेष सुविधा या लाभ नहीं मिला, एक दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। यह बात हमारे संविधान की असाधारणता को बयां करती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपने छोटे से प्रयास के जरिए संविधान को मजबूत करके इस कृतज्ञता का ऋण चुकाने की कोशिश की है।’’ मोदी ने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अंगीकार किया था। आज इस अवसर पर सभी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के प्रत्येक सदस्य को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तियों की विशेषता यह थी कि उन्होंने आधुनिक संविधान तैयार करते समय भारत की समृद्ध परंपराओं और सभ्यतागत ज्ञान से व्यापक रूप से प्रेरणा ली। उन्होंने संविधान विशेषज्ञ ग्रेनविल ऑस्टिन के उस वर्णन को भी याद किया, जिसमें भारतीय संविधान को ‘‘सबसे पहले और सबसे महत्वपूर्ण एक सामाजिक दस्तावेज’’ बताया गया था। उन्होंने लिखा, ‘‘सामाजिक और आर्थिक न्याय की खोज हमारे संविधान के मूल ढांचे में समाहित है। ऐसे में संविधान निर्माताओं की इस प्रिय परिकल्पना को साकार करने की दिशा में काम करने से अधिक संतोषजनक और क्या हो सकता है?’’ मोदी ने कहा कि विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि लगभग 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकल चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पीढ़ियों से चली आ रही वंचना से बाहर निकलकर अब करोड़ों माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना देख सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए कोई परिवार फूस की छत वाले मकान से पक्के मकान में पहुंचता है, तो गरिमा के साथ जीवन जीने का संवैधानिक वादा सार्थक होता है। उन्होंने कहा, ‘‘जब उज्ज्वला योजना किसी मां को धुएं से भरे रसोईघर की कठिनाइयों से मुक्ति दिलाती है, तो हम समानता और कल्याण के आदर्शों को आगे बढ़ाते हैं। जब आयुष्मान भारत किसी गरीब परिवार को कर्ज के डर के बिना गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है, तो सामाजिक न्याय वास्तविक जीवन में साकार होता है।’