विकसित भारत-2047 के निर्माण में आर्किटेक्ट्स की अहम भूमिका: सतनाम सिंह संधू

पीएचडीसीसीआई के एईआर 2026 के पांचवें संस्करण में आर्किटेक्ट्स को किया सम्मानित

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के विजन को साकार करने में आर्किटेक्ट्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इनोवेटिव, सस्टेनेबल और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में आर्किटेक्ट्स महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उक्त विचार राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित ‘आर्किटेक्चर एक्सीलेंस रिकग्निशन 2026’ के 5वें संस्करण को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में आर्किटेक्ट्स और अन्य प्रोफेशनल्स के सक्रिय योगदान से ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

WhatsApp Image 2026 09 27 at 15.09.48 1

संधू ने आर्किटेक्चर के क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स को पहचान और प्रोत्साहन देने के लिए पीएचडीसीसीआई का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान न केवल प्रोफेशनल्स को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि उनमें अपने कार्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब हम विकसित भारत की कल्पना करते हैं तो हमारे सामने आधुनिक इमारतों, पुलों, इंफ्रास्ट्रक्चर और समग्र विकास की तस्वीर उभरती है। इन ढांचों को डिजाइन करने और आकार देने में आर्किटेक्ट्स की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इमारतों के डिजाइन में मदद कर सकता है, लेकिन एक घर केवल ईंट-पत्थरों से नहीं बनता, बल्कि उसमें भावनाएं, संवेदनाएं और व्यक्तिगत आकांक्षाएं भी जुड़ी होती हैं।

उन्होंने कहा कि एक आर्किटेक्ट, कॉन्ट्रैक्टर और मालिक मिलकर एक सुंदर और सार्थक घर का निर्माण कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आर्किटेक्ट्स को भविष्य की शहरी चुनौतियों से निपटने के लिए नए सुझावों और इनोवेटिव आइडियाज के साथ आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर पीएचडीसीसीआई चंडीगढ़ चैप्टर के चेयर रजनीश बंसल ने कहा कि ‘आर्किटेक्चर एक्सीलेंस रिकग्निशन’ का 5वां संस्करण आर्किटेक्ट्स के उत्कृष्ट कार्य को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने के प्रति चैंबर की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पीएचडीसीसीआई के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल नवीन सेठ ने कहा कि चैंबर ऐसे मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जो नए विचारों को प्रोत्साहित करें।

काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर, इंडिया के पूर्व अध्यक्ष आर्किटेक्ट हबीब खान (जूरी चेयर), आर्किटेक्ट सुरिंदर बग्गा, आर्किटेक्ट मनमोहन खन्ना, आर्किटेक्ट रितु सिंह, आर्किटेक्ट नीलाक्षी शर्मा, आर्किटेक्ट लोगनाथन और विवेक गुप्ता जूरी में शामिल थे।
इस अवसर पर
‘लाइफटाइम अचीवमेंट – एजुकेटर’ पुरस्कार डॉ. प्रभजोत कौर को प्रदान किया गया, जबकि ‘लाइफटाइम अचीवमेंट – प्रैक्टिसिंग आर्किटेक्ट’ सम्मान आर्किटेक्ट जयेश हरियानी को मिला।
आर्किटेक्ट एन. के. नेगी को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट – हिल आर्किटेक्चर’ सम्मान से नवाजा गया, जबकि आर्किटेक्ट सपना कुमार को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट – वुमन आर्किटेक्ट, गवर्नमेंट सर्विस’ पुरस्कार प्रदान किया गया। ‘लाइफटाइम अचीवमेंट – पब्लिक सर्विस’ सम्मान आर्किटेक्ट विजय उप्पल को दिया गया।
‘इंटीरियर डिजाइनर ऑफ द ईयर 2026’ का सम्मान आर्किटेक्ट प्रेरणा अग्रवाल को मिला। मेरिल सावित्री मुद्दामल्ले को ‘हार्बिंगर ऑफ चेंज ऑफ द ईयर 2026’ के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि आर्किटेक्ट इशरत नौशेहरी और आर्किटेक्ट सौरभ चंद्रा को ‘आर्किटेक्ट ऑफ द ईयर 2026’ का सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर आर्किटेक्चर और निर्माण क्षेत्र से जुड़े कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »