#bnnindianews-रंगारंग रासलीला, पारंपरिक होली गीत-संगीत और राजस्थानी व्यंजनों ने बांधा समां
चंडीगढ़, 1 मार्च 2026। राजस्थान परिषद (रजि.), चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर-33 स्थित राजस्थान भवन, सेक्टर 33 में सोमवार शाम भव्य होलिका दहन एवं होली मिलन समारोह का उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों के साथ शहर के गणमान्य अतिथियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
शाम को शुभमुहूर्त पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत होलिका दहन किया गया। श्रद्धालुओं ने अग्नि की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि, शांति और आपसी सद्भाव की कामना की। पूरा परिसर भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।
इसके पश्चात प्रसिद्ध कलाकार राहुल बुजवासी एंड पार्टी ने मनमोहक रासलीला की प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पारंपरिक होली गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में विशेष रूप से पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों की व्यवस्था की गई, जिसका सभी अतिथियों और सदस्यों ने भरपूर आनंद लिया। स्वाद और संस्कृति के संगम ने आयोजन को यादगार बना दिया।
परिषद के अध्यक्ष राज किशोर, उपाध्यक्ष रामावतार शर्मा, महासचिव अनिल बागड़ी, कोषाध्यक्ष रजनीश जैन एवं संयुक्त सचिव स्वाधीन भारद्वाज ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारे, समरसता और परंपराओं को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
परिषद पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी उत्साह और एकजुटता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।