#bnnindianews
चंडीगढ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज दोपहर 12 बजे विधानसभा में प्रदेश का वार्षिक बजट पेश करेंगे। माना जा रहा है कि इस वर्ष बजट का आकार पिछले साल से अधिक रहेगा और यह लगभग 2.15 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
सरकार के इस बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है। इन तीनों क्षेत्रों के लिए विशेष घोषणाएं संभव हैं। इसके साथ ही लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर भी नई घोषणा हो सकती है, जबकि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र को राहत देने के संकेत मिल रहे हैं। किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन पर छूट मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।
शहरी ढांचे के विकास पर भी सरकार का फोकस रहेगा। खासकर गुरुग्राम में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए सड़कों के चौड़ीकरण और यातायात सुधार के लिए मेगा प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा राज्य में खाली पड़े ग्रुप-डी पदों को भरने को लेकर भी घोषणा संभव है।
प्रमुख क्षेत्रों के लिए अनुमानित प्रावधान
अनुमान है कि कृषि क्षेत्र के लिए इस बार करीब 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा सकता है, जबकि पिछले साल यह 1254 करोड़ रुपये था। शिक्षा पर राज्य सरकार सबसे अधिक खर्च करती रही है और इस बार भी इसमें वृद्धि की संभावना है। पिछले वर्ष इस क्षेत्र को 22,296 करोड़ रुपये मिले थे और इस बार इसमें लगभग 15% तक बढ़ोतरी हो सकती है। तकनीकी शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी नई कक्षाएं शुरू करने तथा पीएम-श्री स्कूल खोलने की योजना भी बजट में शामिल हो सकती है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में पिछले साल 10,159 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। इस बार करीब 20% वृद्धि के साथ यह बजट लगभग 12,500 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। सरकार हर जिले में कैंसर केयर यूनिट और मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की तैयारी में है।