‘पहचान’ के मंचन ने महिलाओं के संघर्ष और आत्मपहचान की कहानी को दिया सशक्त मंच

#bnnindianews

चंडीगढ़, 16 फरवरी 2026: परम्परा आर्ट्स द्वारा रंग अर्पणा अकादमी के सहयोग से सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में नाटक “पहचान” का सफल मंचन किया गया। नाटक का निर्देशन अर्पणा गुप्ता ने किया, जबकि इसकी स्क्रिप्ट लेखक, रंगकर्मी एवं साहित्यकार राजेश आत्रेय द्वारा लिखी गई। यह नाटक समाज में महिलाओं की वर्तमान स्थिति और उनके संघर्षों का जीवंत एवं संवेदनशील चित्रण प्रस्तुत करता है।

नाटक की कहानी एक सेमीनार की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहाँ अलग-अलग सामाजिक परिवेश से आई महिलाएँ अपने जीवन के अनुभव साझा करती हैं। कहानी की शुरुआत तीन महिलाओं से होती है, जो एक होटल में एक ही कमरे में ठहरती हैं और धीरे-धीरे उनके बीच दोस्ती विकसित होती है। शुरुआत में वे अपनी कहानियाँ बताने से हिचकिचाती हैं, लेकिन दूसरों के अनुभव सुनने की उत्सुकता उन्हें एक-दूसरे के करीब ले आती है। इसी क्रम में होटल की रूम असिस्टेंट से लेकर चाय की दुकान चलाने वाली महिला तक की कहानियाँ सामने आती हैं, जिनमें संघर्ष और आत्मसम्मान की झलक दिखाई देती है।

निर्देशक अर्पणा गुप्ता ने बताया कि नाटक यह संदेश देता है कि महिलाओं को यदि समाज उनके वास्तविक स्वरूप में स्वीकार कर ले, तो उन्हें अपनी अलग पहचान बनाने के लिए अतिरिक्त संघर्ष नहीं करना पड़े। नाटक के अंत में सेमीनार की आयोजक पूरे समाज से इसी सोच को अपनाने की अपील करती है।

विशेष बात यह रही कि नाटक में अधिकांश महिला कलाकार पहली बार मंच पर अभिनय कर रही थीं, फिर भी उनके प्रदर्शन में उल्लेखनीय परिपक्वता दिखाई दी। यही कारण रहा कि पहली बार मंचित हुए इस नाटक को दर्शकों ने खूब सराहा और प्रशंसा की।

नाटक के मुख्य कलाकारों में नीना बजाज, निधि मांगो, डॉ. मीतू जेटली, सोनिमा सत्या, जागृति सूद, बबीता, आरती अरोड़ा, मोनिका दवेसर, माधुरी, शालू, अर्पणा गुप्ता, तरूण श्याम बजाज, वरुण खन्ना शामिल रहे। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने नाटक के सामाजिक संदेश को दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »