IRCTC लेकर आया दक्षिण भारत तीर्थ यात्रा का खास पैकेज, 13 नवंबर से रवाना होगी भारत गौरव ट्रेन

#bnnindianews चंडीगढ़,  दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से 13 दिवसीय विशेष तीर्थयात्रा पैकेज की घोषणा की है। यह ट्रेन 13 नवंबर 2026 को जम्मू से रवाना होगी और 25 नवंबर को यात्रा पूरी करेगी। इस दौरान यात्रियों को रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी, तिरुपति और श्रीशैलम स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग सहित दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

यात्रा के लिए जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, एसएएस नगर (मोहाली), चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर और वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) रेलवे स्टेशन से बोर्डिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आईआरसीटीसी के अनुसार पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने, भोजन, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, ऑनबोर्ड एस्कॉर्ट, सुरक्षा और पैरामेडिकल सहायता जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

तीन श्रेणियों में उपलब्ध है पैकेज
यात्रियों के लिए स्लीपर (इकोनॉमी), 3 एसी (स्टैंडर्ड) और 2 एसी (कम्फर्ट) श्रेणियां उपलब्ध हैं। स्लीपर श्रेणी का किराया 26,895 रुपये, 3 एसी का 42,605 रुपये और 2 एसी का 56,830 रुपये (जीएसटी सहित) निर्धारित किया गया है। आईआरसीटीसी का कहना है कि यह पैकेज श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती तरीके से दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करेगा।
इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट, चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय या अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »