#BNNINDIANEWS चंडीगढ़। चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी द्वारा आयोजित 1st सीएसएनए अवार्ड समारोह में कला, संगीत, नृत्य और रंगमंच के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया रहे।
समारोह में थिएटर निर्देशन के लिए उमेश कांत, शास्त्रीय नृत्य (भरतनाट्यम) के लिए विदुषी सुचित्रा मित्रा, लोक संगीत (वोकल) के लिए डॉ. सुखमिंदर कौर बराड़ (सुखी बराड़), शास्त्रीय संगीत (वाद्य) के लिए पं. विनोद पवार, लाइट म्यूजिक के लिए डॉ. रिंकू कालिया, थिएटर अभिनय के लिए अभिषेक शर्मा, स्टेज क्राफ्ट (प्रॉपर्टी एवं सहयोगी गतिविधियां) के लिए सुबाशीष गुहा नियोगी, लोक नृत्य के लिए सरदार स्वर्ण सिंह चन्नी, कोरियोग्राफी के लिए तरसेम चंद काल्हेरी तथा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से श्री एस.डी. शर्मा को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त ‘कला पंथी पुरस्कार (ओल्ड प्रिमियर अवॉर्ड)’ से प्राचीन कला केंद्र को सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि श्री कटारिया ने अपने संबोधन में कहा, “कला और संस्कृति समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। कलाकारों का सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य है।”
अकादमी की चेयरपर्सन डॉ. सुखमिंदर कौर बराड़ ने कहा कि CSNA ट्राइसिटी की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह सम्मान कलाकारों की साधना को समर्पित है।