व्यापार सुधार योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पंजाब देश का ‘टॉप अचीवर’ राज्य घोषित, औद्योगिक विकास में दर्ज की नंबर एक बढ़त

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की उद्योग-समर्थक नीतियों को मान्यता देते हुए भारत सरकार ने आज व्यापार सुधार कार्य योजना (बीआरएपी) 2024 के अंतर्गत पंजाब को “टॉप अचीवर” पुरस्कार से सम्मानित किया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।

पंजाब ने भारत के पाँच प्रमुख सुधार क्षेत्रों—व्यवसाय प्रारंभ, निर्माण परमिट, निवेश आकर्षण, क्षेत्र-विशेष स्वास्थ्य सेवाएँ और सेवा प्रबंधन—में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इस उपलब्धि को प्राप्त किया है। डीपीआईआईटी द्वारा पंजाब को “टॉप अचीवर” घोषित किया जाना उसकी पारदर्शी, कुशल और निवेशक-हितैषी नीतियों का प्रमाण है, जो राज्य को ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस में देश के अग्रणी राज्यों में स्थान प्रदान करता है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की दूरदर्शिता और पारदर्शी शासन व्यवस्था के चलते पंजाब निरंतर नई औद्योगिक ऊँचाइयों को छू रहा है।

मार्च 2022 से अब तक राज्य को 1.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लगभग 4.7 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, हैंड टूल्स, साइकिल, आईटी एवं पर्यटन जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति ने पंजाब को अन्य राज्यों के लिए एक रोल मॉडल बना दिया है। जापान, अमेरिका, जर्मनी, यूके, यूएई, स्विट्ज़रलैंड, फ्रांस और स्पेन जैसे विकसित देशों से निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ ‘फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल’ के रूप में भारत के सबसे उन्नत सिंगल-विंडो सिस्टम की स्थापना ने राज्य को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत किया है। यह उपलब्धि पंजाब की उद्योग-हितैषी सोच, प्रशासनिक दक्षता और निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »