इंटर-जोनल यूथ फेस्टिवल में जीजीडीएसडी कॉलेज का शानदार प्रदर्शन, विद्यार्थियों ने जीते कई पुरस्कार

चंडीगढ़। जीजीडीएसडी कॉलेज, सेक्टर-32 के विद्यार्थियों ने इंटर-जोनल यूथ फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार अपने नाम किए। माहिलपुर स्थित एसजीजीएस खालसा कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय फेस्टिवल में विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, अभिनय और ललित कला की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में जीजीडीएसडी कॉलेज के विद्यार्थियों ने कार्टूनिंग, मेहंदी डिजाइनिंग एवं एप्लीकेशन और व्यक्तिगत माइम में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, सुहानी शर्मा ने व्यक्तिगत गिद्दा प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार जीतकर कॉलेज का नाम रोशन किया।

इसके अलावा गिद्दा, स्किट और माइम प्रतियोगिताओं में कॉलेज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। भंगड़ा, लड़कियों के फोक डांस (लुड्डी), कार्टूनिंग, क्रॉस स्टिच और फोक ऑर्केस्ट्रा में विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान हासिल किया।

कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अजय शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यूथ फेस्टिवल विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ-साथ उन्हें देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, टीचर्स इंचार्ज, सांस्कृतिक समन्वयकों और फैकल्टी सदस्यों के मार्गदर्शन को दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »