चंडीगढ़ में आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित, 248 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

चंडीगढ़ में आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित, 248 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

चंडीगढ़। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला ने प्रयोग फाउंडेशन के सहयोग से सेक्टर-29, चंडीगढ़ में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर में 248 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के बाद जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

नगर निगम चंडीगढ़ की पूर्व महापौर हरप्रीत कौर बबला ने शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रयोग फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव शर्मा ने की। एनआईए के एसोसिएट प्रोफेसर एवं शिविर प्रभारी डॉ. प्रदीप एस.एम. के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की।

इस अवसर पर हरप्रीत कौर बबला ने कहा कि आयुर्वेद भारतीय चिकित्सा परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है। लोगों को आयुर्वेद के महत्व को समझते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए और इसके सिद्धांतों को दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए।

प्रयोग फाउंडेशन चंडीगढ़ के अध्यक्ष नितेश महाजन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और जनकल्याण के कार्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

शिविर प्रभारी डॉ. प्रदीप एस.एम. ने बताया कि एनआईए के डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व और डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग के निर्देशन में संस्थान की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं। इस शिविर में पाचन संबंधी समस्याओं, त्वचा रोग, जोड़ों के दर्द, हड्डियों से जुड़ी बीमारियों, मधुमेह, ब्लड प्रेशर और सर्वाइकल संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों की जांच की गई।

कार्यक्रम में फायर अवेयरनेस एंड सेफ्टी एसोसिएशन के अध्यक्ष जसजोत सिंह, समाजसेवी डेजी महाजन, एनआईए के मेडिकल ऑफिसर डॉ. भवकीर्ति, डॉ. अक्षित और नर्सिंग ऑफिसर दुष्यंत लवानिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »