इनर व्हील क्लब ने हिंदी दिवस पर मनाया साहित्यिक उत्सव

पंचकूला, 11 सितंबर। इनर व्हील क्लब ऑफ पंचकूला की ओर से हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा और काव्य को समर्पित विशेष साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, साहित्यिक अभिरुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना रहा।

क्लब की अध्यक्षा शशि गर्ग ने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत की पहचान है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से भाषा के प्रति नई पीढ़ी और समाज में रुचि एवं सम्मान की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध कवयित्री सविता सावी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। क्लब की ओर से उनका सम्मान किया गया। क्लब की पूर्व अध्यक्षा सविता जिंदल ने उनका परिचय करवाते हुए बताया कि सविता सावी की अनेक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

सविता सावी ने अपनी स्वरचित कविताओं और गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित साहित्यप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने पूर्व अध्यक्षा अनुपमा जैन का उन्हें आमंत्रित करने और सम्मानित करने के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अनुपमा जैन ने हरियाणा की सुप्रसिद्ध लेखिका एवं कवयित्री डॉ. सुधा जैन के साहित्यिक योगदान और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन क्लब की अमृत गिल महाजन ने किया।

कार्यक्रम में सरोज सिंगला, आभा जैन तथा उपाध्यक्ष सुनंदा सूद ने हिंदी के प्रसिद्ध कवियों और लेखकों की रचनाओं का पाठ किया। साहित्यिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में साहित्य और हिंदी भाषा के प्रति उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम हिंदी भाषा के प्रति प्रेम और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »