#bnnindianews
चंडीगढ़: ‘देसी क्रेविंग’ के तहत हिमाचल भवन, सेक्टर-28 में महिला उद्यमिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा के विभिन्न जिलों से करीब 50 महिला उद्यमियों एवं सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं ने अपने उत्पादों और सफलता की कहानियों के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण रहे। मुख्य अतिथि हरविंदर कल्याण ने आयोजकों ‘देसी क्रेविंग’ को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के दूरदराज गांवों, कस्बों और जिला स्तर पर काम कर रही महिलाओं को उद्यमिता के साथ पैकेजिंग, मार्केटिंग और बिक्री की आधुनिक स्किल सिखाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को इस तरह प्रशिक्षित किया जाए कि वे अपने उत्पादों को अपने बलबूते पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के पास हुनर और बेहतरीन उत्पाद हैं, लेकिन उचित पैकेजिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बाजार की जानकारी के अभाव में उन्हें अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाती। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस मौके पर चंडीगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय टंडन भी मौजूद रहे। उन्होंने आयोजन स्थल पर लगभग हर महिला उद्यमी के पास जाकर उनके उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से उनके उत्पादों की गुणवत्ता, तैयार करने की प्रक्रिया और बिक्री के बारे में भी बातचीत की। महिलाओं के उत्पाद और उनका हुनर उन्हें इतने पसंद आए कि उन्होंने मौके पर ही फोन कर अपनी पत्नी और बहू को भी आयोजन स्थल पर आने का निमंत्रण दिया, ताकि वे स्वयं इन उत्पादों को देखें और महिला उद्यमियों के काम को समझें।
कार्यक्रम में फूड प्रोसेसिंग एवं खाद्य सामग्री के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया। शीर्ष तीन प्रतिभागियों को वित्तीय प्रोत्साहन भी प्रदान किया गया। इस दौरान महिला उद्यमियों को उत्पादों की मार्केटिंग, बिक्री बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने संबंधी जानकारी दी गई। देसी क्रेविंग की संस्थापक रुचिता बंसल व नीति आयोग की ऐना राय ने बताया कि कार्यक्रम हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के संरक्षण तथा नीति आयोग के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया ।