सीबीएसई नॉर्थ जोन-द्वितीय क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ

चंडीगढ़: डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लाहौर), सेक्टर-8 सी में शनिवार को सीबीएसई नॉर्थ जोन-द्वितीय क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन के करीब 200 सीबीएसई स्कूलों के लगभग 2,000 युवा क्रिकेटर हिस्सा ले रहे हैं।

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं यूटीसीए अध्यक्ष संजय टंडन, सीबीएसई गेम्स के पर्यवेक्षक राजीव तथा इंडिया क्रिकेट हेड अफजल अहमद भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम की प्रस्तुति और दीप प्रज्वलन से हुआ। स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. सुनील कुमार ने अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए खेलों को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

राज्यपाल ने कहा कि खेल राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, ईमानदारी, टीम वर्क और दृढ़ता जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।समारोह का समापन राष्ट्रगान और तिरंगे गुब्बारों के विमोचन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »