Bnnindianews
पंचकूला, 18 जुलाई (): उत्तर भारत के लीवर रोगियों के लिए बड़ी राहत देते हुए पारस हेल्थ पंचकूला ने एकीकृत लीवर ट्रांसप्लांट प्रोग्राम की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम के माध्यम से मरीजों को जांच से लेकर ट्रांसप्लांट सर्जरी, ऑपरेशन के बाद गहन देखभाल, पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) और लंबे समय तक फॉलो-अप जैसी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
भारत में तेजी से बढ़ रही लीवर संबंधी बीमारियों और समय पर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए शुरू किया गया यह प्रोग्राम मरीजों को अत्याधुनिक और समग्र उपचार प्रदान करेगा। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर डॉ. अंकुर गर्ग, डॉ. वैभव कुमार, प्रो. जीपी कैप्टन डॉ. सुमेश काइस्था, डॉ. राघव बंसल और डॉ. करण मिधा सहित विशेषज्ञों ने लीवर रोगों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए समय पर जांच, मल्टीडिसिप्लिनरी उपचार और जरूरत पड़ने पर समय पर लीवर ट्रांसप्लांट की अहमियत पर जोर दिया।
पारस हेल्थ पंचकुला के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. पंकज मित्तल ने कहा, “लीवर ट्रांसप्लांट प्रोग्राम की शुरुआत हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एडवांस्ड लीवर रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए कई बार ट्रांसप्लांट ही जीवन बचाने का एकमात्र विकल्प होता है। हमारा उद्देश्य उत्तर भारत के मरीजों को उनके घर के नजदीक विश्वस्तरीय ट्रांसप्लांट सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े।”
यह प्रोग्राम लीवर ट्रांसप्लांट सर्जनों, हेपेटोलॉजिस्ट, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट और ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटरों की अनुभवी टीम के सहयोग से संचालित होगा। आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, समर्पित ट्रांसप्लांट इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेष क्रिटिकल केयर सुविधाओं के साथ मरीजों को सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
यह सुविधा विशेष रूप से एंड-स्टेज लीवर डिजीज, तीव्र लीवर फेलियर, ट्रांसप्लांट योग्य लीवर कैंसर और जटिल हेपेटोबिलरी रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए लाभकारी होगी। अस्पताल का मानना है कि इस नई पहल से उत्तर भारत में उन्नत लीवर उपचार और ट्रांसप्लांट सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी तथा गंभीर मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा।