BNNindianews
रथ यात्रा पर निकले भगवान जगन्नाथ, चंडीगढ़ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
चंडीगढ़, 16 जुलाई (भाषा): चंडीगढ़ के सेक्टर-31 स्थित जगन्नाथ मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। उत्कल सांस्कृतिक संघ के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। फूलों और मालाओं से सजे रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” तथा “हरे कृष्ण” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रथयात्रा दोपहर एक बजे भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई। यात्रा से पहले मुख्य राजा डॉ. देबादत्ता पाणिग्रही ने परंपरा के अनुसार ‘छेरा पहरा’ (सोने की झाड़ू से रथ की सफाई) की रस्म निभाई। रथयात्रा में इस्कॉन और श्री चैतन्य गौड़ीय मठ के संन्यासियों एवं भक्तों ने कीर्तन करते हुए भाग लिया। शहर के विभिन्न सेक्टरों से आए श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ रथ के पीछे चलते रहे। शहर के विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत भी किया गया।
इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन के वित्त सचिव दीप्रवा लकड़ा (आईएएस) और पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल ने संयुक्त रूप से रथयात्रा का शुभारंभ किया और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में पद्मश्री प्रो. (डॉ.) दिगंबर बेहरा, पीजीआईएमईआर के डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) राधाकांत राठ, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुशांत कुमार साहू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।