प्रधानमंत्री मोदी आज हरियाणा-चंडीगढ़ दौरे पर, ₹26,800 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

bnnindianews

चंडीगढ़, 16 जुलाई (भाषा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह लगभग 26,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है और लोगों से निर्धारित मार्गों से बचने तथा वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान चंडीगढ़-नयागांव बैरियर से पीईसी लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर 2/3/10-11 चौक तक यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट या सीमित किया जाएगा। आम लोगों से दोपहर 3 बजे तक इस मार्ग का उपयोग न करने की सलाह दी गई है। सुरक्षा कारणों से अन्य सड़कों पर भी समय-समय पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। पुलिस ने लोगों से वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने और ‘नो पार्किंग’ क्षेत्रों से बचने का अनुरोध किया है।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री हरियाणा में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और जींद- सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन-संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा चंडीगढ़ में 6,600 करोड़ रुपये से अधिक तथा पंजाब के जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड राजमार्ग, दिल्ली-अमृतसर-कटरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के एक खंड तथा दक्षिणी लुधियाना बाईपास जैसी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे। ये परियोजनाएं क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने, यात्रा समय घटाने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »