#bnnindianews
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (CETA) लागू होने से भारत के लगभग सभी निर्यात पर यूके में सीमा शुल्क समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भारत का सबसे व्यापक मुक्त व्यापार समझौता है, जिससे छोटे व्यवसायों, किसानों, मछुआरों, महिला उद्यमियों, एमएसएमई और श्रम-प्रधान उद्योगों के लिए नए अवसर खुलेंगे तथा निर्यात और व्यापार को नई गति मिलेगी।
गोयल के अनुसार, समझौते से रत्न एवं आभूषण, इंजीनियरिंग उत्पाद, वस्त्र, चमड़ा, खाद्य प्रसंस्करण और आईटी सेवाओं जैसे क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही भारतीय पेशेवरों को यूके में अस्थायी कार्य के दौरान दोहरी सामाजिक सुरक्षा योगदान से छूट मिलेगी, जिससे हजारों पेशेवरों और सैकड़ों कंपनियों को फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि यह समझौता किसानों के लिए ब्रिटेन के बड़े कृषि बाजार तक पहुंच आसान बनाएगा, जबकि मछली पालन, महिला उद्यमिता और एमएसएमई क्षेत्र को भी नई संभावनाएं मिलेंगी। पीयूष गोयल ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ विजन को गति देने वाला समझौता बताते हुए कहा कि इससे देशभर में रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।