13वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया को भावभीनी विदाई

#bnnindianews। 13वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया को भावभीनी विदाई
13वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा अपनी स्थानांतरण उपरांत दिल्ली में नई नियुक्ति पर जा रही कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया को भावभीनी एवं गरिमापूर्ण विदाई दी गई। उनके कार्यकाल की उत्कृष्ट उपलब्धियों, प्रेरणादायी नेतृत्व तथा कार्मिकों के कल्याण हेतु किए गए उल्लेखनीय कार्यों को पूरे समारोह के दौरान भावपूर्ण ढंग से स्मरण किया गया।

IMG 20260712 WA0045

विदाई समारोह का शुभारंभ क्वार्टर गार्ड पर विशेष सेरेमोनियल गार्ड द्वारा सम्मान सलामी के साथ हुआ। इसके उपरांत आयोजित सैनिक सम्मेलन में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
अपने संबोधन में श्रीमती कमल सिसोदिया ने 13वीं बटालियन के साथ बिताए गए अविस्मरणीय पलों को याद करते हुए कहा कि इस बटालियन से जुड़ी स्मृतियाँ सदैव उनके हृदय में जीवंत रहेंगी। उन्होंने बटालियन की सभी उपलब्धियों का श्रेय “टीम 13वीं बटालियन” को देते हुए अधिकारियों एवं जवानों की निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बटालियन उनके लिए सदैव एक परिवार की तरह रही है तथा सभी कार्मिक भविष्य में भी इसी समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ राष्ट्र सेवा करते रहें। उन्होंने सभी को उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इसके पश्चात विदाई का माहौल अत्यंत भावुक हो गया। अधिकारियों एवं जवानों ने पुष्पवर्षा, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा उत्साहपूर्ण जयघोषों के बीच अपनी प्रिय कमांडेंट को स्नेह, सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ विदाई दी। इस अवसर पर उपस्थित नागरिक समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए उनके साहसिक, संवेदनशील एवं जन-केंद्रित नेतृत्व की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने श्रीमती कमल सिसोदिया को “आयरन लेडी” तथा “लेडी सिंघम” की उपाधियों से संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यक्तित्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और निष्पक्ष कार्यशैली से यह सम्मान स्वयं अर्जित किया है।

विदाई समारोह के अवसर पर जवानों एवं उनके परिवारों के लिए बड़ा खाना का आयोजन किया गया, जिसने बटालियन में विकसित पारिवारिक वातावरण और आपसी आत्मीयता को और सुदृढ़ किया। साथ ही एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें जवानों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अनेक जवानों ने श्रीमती कमल सिसोदिया के साथ कार्य करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं सहज व्यवहार ने उन्हें सदैव प्रेरित किया। वक्ताओं ने विशेष रूप से बटालियन में जवानों एवं उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए उनके कार्यकाल में कराए गए विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने उनके जीवन में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाए हैं। उनके विचारों से कमांडेंट के प्रति जवानों के सम्मान, स्नेह एवं विश्वास की गहराई स्पष्ट रूप से झलक रही थी।

समारोह के अंत में सभी अधिकारियों, जवानों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों एवं परिवारजनों ने श्रीमती कमल सिसोदिया को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की। उपस्थित सभी लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि 13वीं बटालियन में उनके नेतृत्व, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं जनकल्याण के लिए किए गए कार्य सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »