#bnnindianews
वर्दी के पीछे समर्पण, सेवा और साहस को मिला सम्मान: राउंड टेबल इंडिया फाउंडेशन ने ‘नाइट्स इन खाकी’ कार्यक्रम में पंचकूला पुलिस के 11 जांबाज अधिकारियों व कर्मचारियों को किया सम्मानित
पर्दे के पीछे काम करने वाले पुलिसकर्मियों का योगदान भी उतना ही महत्वपूर्ण, सम्मान से बढ़ता है पुलिस बल का मनोबल: डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता
पंचकूला/ 8 जुलाई:- समाज की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और विपरीत परिस्थितियों में भी आमजन की सेवा के लिए दिन-रात समर्पित रहने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों को सम्मान देने के उद्देश्य से बीती शाम पिंजौर स्थित एक होटल में राउंड टेबल इंडिया फाउंडेशन द्वारा ‘नाइट्स इन खाकी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पंचकूला पुलिस में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 11 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। संस्था देशभर में शिक्षा, सामाजिक उत्थान एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित करती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में कालका के एसडीएम संयम गर्ग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राउंड टेबल इंडिया की ओर से इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट रचित बंसल, एरिया चेयरमैन रित्विक चौहान, चेयरमैन आशीष जैन, सेक्रेटरी निप्पुन कपूर तथा ट्रेजरर ऋषभ गर्ग सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में अपने परिवार से पहले समाज और देश की जिम्मेदारी निभाते हैं। कठिन और चुनौतीपूर्ण हालात में भी आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनका सर्वोच्च दायित्व होता है। उन्होंने पंचकूला पुलिस के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए डीसीपी सृष्टि गुप्ता सहित पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया तथा सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसीपी विक्रम नेहरा, क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के प्रभारी इंस्पेक्टर दलीप सिंह (जो कारणों से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके), पिंजौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार (पूर्व थाना प्रभारी सेक्टर-7), क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के प्रभारी पीएसआई प्रवीण कुमार (पूर्व प्रभारी एंटी नारकोटिक्स सेल), सुरक्षा शाखा प्रभारी पीएसआई सचिन, सेक्टर-25 पुलिस चौकी प्रभारी पीएसआई रामू स्वामी (पूर्व साइबर सेल प्रभारी), ओएसआई शाखा के प्रभारी एएसआई मुकेश कुमार, महिला जांच अधिकारी एएसआई सुनीता एवं एएसआई सुदेश कुमारी, पुलिस आयुक्त कार्यालय में सहायक रीडर एएसआई राजेश तथा पुलिस उपायुक्त कार्यालय में सहायक रीडर के रूप में कार्यरत सिपाही नितिन को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने राउंड टेबल इंडिया फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों एवं पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने की इस पहल की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया। डीसीपी ने कहा कि पुलिस के फील्ड में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन के बीच अपने कार्यों के कारण अधिक दिखाई देते हैं, लेकिन कई ऐसे पुलिसकर्मी भी होते हैं जो सुरक्षा शाखा, साइबर सेल, ओएसआई, रीडर शाखा तथा अन्य इकाइयों में रहकर पर्दे के पीछे बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। उनका योगदान सीधे लोगों तक दिखाई नहीं देता, जबकि पूरी पुलिस व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे कर्मठ पुलिसकर्मियों को भी इस मंच के माध्यम से सम्मानित किया जाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि समाज में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के मन में पुलिस का भय होना आवश्यक है, वहीं आमजन के मन में पुलिस की सकारात्मक एवं विश्वासपूर्ण छवि बनना भी उतना ही जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान एसीपी विक्रम नेहरा ने भी राउंड टेबल इंडिया फाउंडेशन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब सामाजिक संस्थाएं और पुलिस मिलकर कार्य करती हैं तो समाज में जागरूकता, सुरक्षा और जनविश्वास को और अधिक मजबूती मिलती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने और समाज व पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।