#bnnindianews
सीपी-67 में लॉन्च हुआ पंजाबी फिल्म ‘चढ़दीकला’ का ट्रेलर
* कान्स फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को लेकर बढ़ा उत्साह
* रूपी गिल, एमी विर्क और हिम्मत संधू सहित टीम रही मौजूद
मोहाली। पंजाबी सिनेमा के लिए गर्व का क्षण बनी फिल्म ‘चढ़दीकला’ का ट्रेलर शुक्रवार को मोहाली स्थित सीपी-67 मॉल में लॉन्च किया गया। खास बात यह रही कि कान्स फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग पाने वाली यह पहली पंजाबी फिल्म बन चुकी है, जिसके बाद दर्शकों और इंडस्ट्री में फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
ट्रेलर लॉन्च के मौके पर फिल्म की स्टारकास्ट और निर्माता टीम ने मीडिया से बातचीत की। अभिनेत्री रूपी गिल अभिनेता एमी विर्क और अभिनेता हिम्मत संधू ने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कलाकारों ने कहा कि ‘चढ़दीकला’ सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि पंजाबी संस्कृति, जज्बे और सकारात्मक सोच को दर्शाने वाली फिल्म है।
फिल्म के निर्माता गुरकरण धालीवाल ने कहा कि कान्स फिल्म फेस्टिवल में फिल्म की स्क्रीनिंग होना पूरे पंजाबी फिल्म उद्योग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
यह फिल्म Mad4Films के बैनर तले बनाई गई है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसक और पंजाबी सिनेमा प्रेमी मौजूद रहे। ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली और सोशल मीडिया पर भी फिल्म की चर्चा तेज हो गई है।