#bnnindianews
चंडीगढ़, 15 मई – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चंडीगढ़ में 24 साल बाद मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू किया जा रहा है। त्रुटिरहित और विश्वसनीय वोटर लिस्ट तैयार करने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) प्रेर्णा पुरी ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस पूरी प्रक्रिया की रूपरेखा साझा की। बैठक के दौरान उन्होंने राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर अपने बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) नियुक्त करने की अपील की ताकि चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
सीईओ प्रेर्णा पुरी ने बताया कि शहर में आखिरी बार वर्ष 2002 में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण किया गया था। तेजी से बढ़ते शहरीकरण, लगातार हो रहे प्रवासन, 18 वर्ष आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं की संख्या में वृद्धि और मृतक या अवैध नागरिकों के नाम मतदाता सूची में होने जैसी संभावनाओं को देखते हुए यह कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया था। इस अभियान के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि (क्वालीफाइंग डेट) निर्धारित की गई है। इस पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
बीएलओ करेंगे तीन बार डोर-टू-डोर विजिट
इस विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पहले से भरे हुए गणना प्रपत्र लेकर प्रत्येक घर में तीन बार जाएंगे। यदि कोई व्यक्ति घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ फॉर्म को दरवाजे के नीचे से डाल देंगे और अपनी अगली विजिट में उसे प्राप्त करेंगे। नागरिक चाहें तो ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, बीएलओ नए और पात्र युवा नागरिकों का नाम दर्ज करने के लिए अपने साथ प्रपत्र-6 भी रखेंगे। निर्वाचन विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र में मैपिंग का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
16 और 17 मई को मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप
पुनरीक्षण प्रक्रिया को तेजी से और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए 16 मई (शनिवार) और 17 मई (रविवार) को शहर के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। सीईओ ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बीएलओ के साथ अपना विवरण साझा कर सहयोग करें। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि गणना के दौरान एक बीएलए प्रतिदिन अधिकतम 50 फॉर्म ही जमा कर सकता है। अनुपस्थित, स्थानांतरित और विलोपित (एएसडी) मतदाताओं की सूची बीएलओ द्वारा बीएलए को उपलब्ध कराई जाएगी।
नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न कार्यालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा किसी भी सहायता के लिए कार्य दिवसों में मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर या ECINET मोबाइल ऐप पर ‘बुक ए कॉल रिक्वेस्ट विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। बैठक में एडीसी-कम-ईआरओ अमनदीप सिंह भट्टी और एईआरओ राजीव तिवारी सहित विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।