#bnnindianews
चंडीगढ़ सेक्टर 40 में उत्तराखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक परंपराओं की झलक से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक
चंडीगढ़ के सेक्टर 40 कम्युनिटी सेंटर में उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंडी कीर्तन मंडलियों द्वारा किया गया, जिसमें ट्राइसिटी क्षेत्र में रह रहे प्रवासी उत्तराखंड की महिलाओं के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं और गणमान्य अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के पारंपरिक लोक गीतों, थड़िया गीत एवं चौफला की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर चंडीगढ़ की पूर्व डिप्टी मेयर एवं वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की पार्षद गुरुबक्श रावत ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने और नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक मूल्यों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में उत्तराखंडी बहनों एवं क्षेत्रवासियों का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया।