आगामी नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर Chandigarh Pradesh Congress Committee ने अपनी तैयारि को तेज

#bnnindianews

आगामी नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर Chandigarh Pradesh Congress Committee ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी ने बूथ स्तर तक व्यापक अभियान शुरू किया है।

इसी क्रम में बीएलए (Booth Level Agents) और बूथ कमेटियों की बैठकों का सिलसिला पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है। तीसरे दिन शहर के पांच वार्डों में बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

पिछले दो दिनों से Manish Tewari और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष H. S. Lucky स्वयं विभिन्न वार्डों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बूथ कमेटियों की भूमिका को चुनाव की रीढ़ बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।

एच.एस. लक्की ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट लक्ष्य दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव हैं और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाकर इस लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस 35 के 35 वार्डों में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और अधिकतम सीटें जीतकर नगर निगम में अपना मेयर बनाएगी।

वहीं, मनीष तिवारी ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।

पार्टी अब तक 15 वार्डों में बूथ कमेटियों की बैठकें आयोजित कर चुकी है, जबकि आने वाले दिनों में शेष वार्डों में भी इसी तरह की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। लक्ष्य है कि अप्रैल माह के भीतर सभी 35 वार्डों में बूथ कमेटियों और बीएलए का गठन पूरा कर लिया जाए। इसके बाद मई में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया और चुनावी प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन, प्रशिक्षित कार्यकर्ता और प्रभावी बूथ प्रबंधन के बल पर कांग्रेस आगामी नगर निगम चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर शहर को जवाबदेह और विकासोन्मुख प्रशासन देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »