#bnnindianews हेरिटेज टूर ऑफ इंडिया के अंतर्गत पंचकूला का दशहरा ग्राउंड शनिवार शाम सुरों की महफिल में तब्दील हो गया, जहां मशहूर सूफी गायक Satinder Sartaaj के लाइव कॉन्सर्ट को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। पूरा ग्राउंड हाउसफुल रहा और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
अपने खास अंदाज़ और सूफियाना गायकी के लिए मशहूर सरताज ने मंच से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने अपने गहरे आध्यात्मिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनका इंद्र देव से विशेष रिश्ता है और उन्हीं की मेहरबानी से ऐसे शानदार कॉन्सर्ट संभव हो पाते हैं।
कॉन्सर्ट के दौरान Satinder Sartaaj ने अपने सदाबहार और लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। उन्होंने “साईं”, “सबतों महंगी है मासूमियत” और “मेहनत चढ़नी नहीं” जैसे गीत गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर गीत पर श्रोताओं ने तालियों और हूटिंग के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह से संगीत और सूफियाना रंग में रंगा नजर आया। दर्शक देर रात तक झूमते रहे और इस यादगार शाम को लंबे समय तक याद रखने की बात करते नजर आए।