#bnninaida news
732 पेटी अवैध अग्रेजी शराब बरामद, कीमत करीब 24 लाख रुपये, कल दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया जाएगा पेश
पंचकूला/ 13 मार्च :-पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम को आज गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर इन्चार्ज इंस्पेक्टर दलीप सिंह की अगुवाई में टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पंचकूला-बरवाला हाईवे पर रामगढ़ के नजदीक नाकाबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक को रोका। ट्रक चालक और परिचालक से पूछताछ की गई, जिनकी पहचान धर्मपाल सिंह उर्फ धर्मा निवासी जिला पानीपत और हरिंद्र उर्फ खोटे निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस टीम को दोनों व्यक्तियों की गतिविधियों पर संदेह होने पर ट्रक की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 732 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 8784 बोतलें थीं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एक्साइज एक्ट की धारा 61(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध शराब चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध शराब तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह खेप किसे सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे कौन सा गिरोह काम कर रहा है। पुलिस इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज: पंचकूला पुलिस अवैध शराब, नशा तस्करी और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।