#bnnindianews
भागदौड़ भरी दिनचर्या में स्वास्थ्य की अनदेखी करना भविष्य में कई गंभीर बीमारियों का बन सकता है कारण: डॉ. ईश शर्मा
विशेषज्ञों ने सुझाया: पोष्टिक आहार, व्यायाम और ध्यान से रखें खुद को फिट
पंचकूला/ 11 मार्च :- पुलिसकर्मियों की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से पंचकूला स्थित पुलिस लाइन में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जीना सीखो लाइफकेयर लिमिटेड संस्था की टीम ने पुलिसकर्मियों को तनावपूर्ण और व्यस्त दिनचर्या के बीच स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्वपूर्ण तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को यह समझाना था कि यदि वे अपने स्वास्थ्य का सही ढंग से ध्यान रखें तो वे अधिक ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रोफेसर ईश शर्मा ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए बताया कि आज की भागदौड़ भरी दिनचर्या में स्वास्थ्य की अनदेखी करना भविष्य में कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि व्यस्त ड्यूटी के बावजूद हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के लिए समय निकालना चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पौष्टिक नाश्ता करने, दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर हाइड्रेटेड रहने, रोजाना कम से कम आधा घंटा व्यायाम करने और जंक फूड से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने गहरी और पर्याप्त नींद लेने, ध्यान मेडिटेशन करने तथा मानसिक तनाव को कम करने के लिए अपनी दिनचर्या में अपनी पसंदीदा गतिविधियों को शामिल करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी अच्छी आदतें लंबे समय तक शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करती हैं।
इस अवसर पर डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार ड्यूटी पर तैनात रहते हैं, इसलिए उनका मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पंचकूला पुलिस समय-समय पर ऐसी कार्यशालाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है, ताकि पुलिसकर्मी अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पुलिस बल ही समाज में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस संस्था के फाउंडर आचार्य मनीष है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रोफेसर आविरा गौतम, एसीपी विक्रम नेहरा, एसीपी दिनेश कुमार तथा एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने इस प्रकार की कार्यशालाओं को पुलिसकर्मियों के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों को अपनी दिनचर्या में अपनाने का संकल्प लिया।