#bnnindianews
चंडीगढ़ में कुमाऊंनी समाज का होली मिलन समारोह, संस्कृति और सौहार्द का रंग
चंडीगढ़ में कुमाऊंनी समुदाय द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह उत्साह, रंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में ट्राईसिटी से बड़ी संख्या में समाज के लोग, गणमान्य व्यक्ति और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
समारोह में प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद एवं चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के कुलपति सतनाम सिंह संधू, चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी, भाजपा के हिमाचल प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा चंडीगढ़ के पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद, भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा, भाजपा महिला मोर्चा चंडीगढ़ अध्यक्ष हीरा नेगी, भाजपा उत्तराखंड प्रकोष्ठ चंडीगढ़ संयोजक भूपेंद्र शर्मा, पंचायत समिति सदस्य सल्ट (अल्मोड़ा) हंसा नेगी, व्यापार मंडल पंचकूला के प्रधान अनिल थापर, पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी बी के सूद तथा पार्षद गुरबख्श रावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम कुमाऊं सभा के प्रधान गोकुल सिंह नगरकोटी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। सभा के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडे ने बताया कि ट्राईसिटी से कुमाऊंनी लोग “होलीयारों” के रूप में बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक होली गीतों और नृत्यों से दर्शकों का मन मोह लिया। उपस्थित अतिथियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और भाईचारे का संदेश दिया।
उत्तराखंड की लोक गायिका हेमा ध्यानी और लोक कलाकार आनंद कोरंगा ने अपने लोकगीतों से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं पारंपरिक उत्तराखंडी छोलिया नृत्य ने अपनी अनूठी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सभा अध्यक्ष गोकुल सिंह नगरकोटी और मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडे ने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और एकता का पर्व है तथा ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में लोगों ने उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया। सभा के महासचिव भगत सिंह रावत ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कुमाऊं सभा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा पूर्व पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।