#bnnindianews
पंचकूला/ 22 फरवरी: पंचकूला पुलिस ने महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई में 11 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के हवाले किया तथा आरोपी को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा थाना चण्डीमन्दिर में दी गई शिकायत में बताया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री को पड़ोस में रहने वाला युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए धारा 137(2), 96 बीएनएस व पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान चण्डीमन्दिर पुलिस थाना टीम ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपाल सिंह के नेतृत्व में तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़िता को दिल्ली से सुरक्षित बरामद किया और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तथा अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कहा:
“पंचकूला पुलिस बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। इस मामले में टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को कानून के अनुसार गिरफ्तार किया गया। अभिभावकों से अपील है कि अपने बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।”