#bnnindianews
कैप्टन विक्रम बत्रा स्मारक निर्माण प्रस्ताव पर सेना के पश्चिमी कमान ने दिया सकारात्मक आश्वासन चंडीगढ़: वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइज़ेशन (पंजीकृत) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज पश्चिमी कमान के मेजर जनरल प्रिंस दुग्गल से मुलाकात की और परमवीर चक्र सम्मानित शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की स्मृति में चंडीगढ़ में एक भव्य स्मारक निर्माण के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।
बैठक में संस्था की चेयरपर्सन श्रीमती आशा जसवाल, अध्यक्ष अमित राणा, विशिष्ट उपाध्यक्ष सुरेश राणा, उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, महामंत्री सनी राजपूत, महामंत्री श्रीमती मिनाक्षी ठाकुर तथा सचिव राजपाल डोगर उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में कारगिल युद्ध के महानायक कैप्टन विक्रम बत्रा के सर्वोच्च बलिदान और अदम्य साहस को याद करते हुए चंडीगढ़ में एक प्रतिष्ठित स्मारक के निर्माण की अपील की। संस्था का मानना है कि यह स्मारक न केवल शहीद की अमर गाथा को चिरस्थायी रूप देगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।
मेजर जनरल प्रिंस दुग्गल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत चर्चा की और प्रस्ताव को गंभीरता से लिया। उन्होंने कैप्टन विक्रम बत्रा के अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे वीर शहीदों की स्मृति को संजोना राष्ट्र का दायित्व है।
मेजर जनरल दुग्गल ने आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव पर उचित कार्यवाही की जाएगी और इसे संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइज़ेशन द्वारा उठाए गए इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की।
अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा
बैठक के दौरान सैनिकों के कल्याण, पूर्व सैनिकों के पुनर्वास, तथा हिमाचली समाज की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संस्था के पदाधिकारियों ने सैन्य परिवारों के सहयोग और शहीदों के आश्रितों की सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
संस्था की चेयरपर्सन श्रीमती आशा जसवाल, अध्यक्ष अमित राणा एंव सभी पदाधिकारियों ने पश्चिमी कमान के मेजर जनरल प्रिंस दुग्गल का हार्दिक आभार व्यक्त किया और इस राष्ट्रीय महत्व के प्रस्ताव पर त्वरित और सकारात्मक कार्यवाही की आशा जताई। संस्था ने कहा कि यह स्मारक केवल एक संरचना नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और बलिदान की जीवंत प्रतीक होगी।
भवदीय ,
-सनि राजपूत
(महामंत्री)
वर्ल्ड हिमाचली आर्गनाइज़ेशन (पंजीकृत)