#bnnindianews
चंडीगढ़ में शुक्रवार तड़के शुरू हुई लगातार बारिश ने जनवरी माह के पिछले तीन वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। महज 16 घंटे के भीतर शहर में कुल 38.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो वर्ष 2022 के बाद जनवरी में एक दिन में हुई सबसे अधिक वर्षा है। यह जानकारी चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने दी।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश शुक्रवार सुबह 2.10 बजे शुरू हुई। सुबह 2.10 बजे से 8.30 बजे तक 13.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 25.1 मिमी वर्षा हुई। इस तरह शाम तक कुल बारिश का आंकड़ा 38.3 मिमी पहुंच गया।
मौसम विभाग ने बताया कि जनवरी 2025 में 12 जनवरी को 18.4 मिमी, जनवरी 2024 में 31 जनवरी को मात्र 0.1 मिमी और जनवरी 2023 में 25 जनवरी को 13.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इससे पहले जनवरी माह में एक दिन में सबसे अधिक बारिश 23 जनवरी 2022 को 45.9 मिमी दर्ज की गई थी। वहीं, जनवरी में अब तक की सर्वाधिक वर्षा का रिकॉर्ड 7 जनवरी 2017 का है, जब 65 मिमी बारिश हुई थी।
तेज बारिश के साथ आंधी और गरज-चमक भी देखने को मिली, जिससे चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। कई सड़कों पर जलभराव हो गया, वहीं व्यस्त समय में यातायात की रफ्तार धीमी रही। तेज हवाओं के कारण चंडीगढ़ और मोहाली के कई क्षेत्रों में पेड़ उखड़ गए, जिससे वाहनों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा। कुछ सेक्टरों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
बारिश के चलते दिन के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह स्थिति क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बनी।
मौसम विभाग के पांच दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक ट्राइसिटी में आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और घनी धुंध की संभावना है। 27 जनवरी के आसपास एक बार फिर बारिश और गरज-चमक के आसार जताए गए हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को खासकर सुबह और देर शाम सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि धुंध के कारण दृश्यता कम रह सकती है और मौसम से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं।