कैबिनेट मन्त्री गंगवा ने किया डॉ. विनोद कुमार शर्मा के काव्य संग्रह उदिता का विमोचन

चण्डीगढ़ : कविवर डॉ. विनोद कुमार शर्मा के काव्य संग्रह उदिता का विमोचन कैबिनेट मन्त्री रणवीर गंगवा, हरियाणा सरकार ने सुप्रसिद्ध साहित्यकार प्रेम विज, अशोक आर्य और आचार्य राम सुफल की उपस्थिति में चण्डीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास में किया। उल्लेखनीय है कि डॉ. विनोद कुमार शर्मा अब तक 28 पुस्तकें लिख चुके हैं। ‘उदिता’ काव्य संग्रह में मनुष्य को ऐसी सोच छोड़ने को कहा है जो मानव को दानव बनाती है। उन्हें शांति दूत बनने के लिए प्रेरित किया है।

रचनाओं के माध्यम से बताया गया है कि समाज, देश या विश्व में अशांति फैलाने वाले व्यक्तियों को जीवन में दुख उठाना पड़ता है। प्रतिशोध की भावना उचित नहीं है। परिश्रम करने वाला व्यक्ति सफलता की ओर अग्रसर होता है। कवियों को लेखनी के माध्यम से समाज को सही दिशा की ओर ले जाने के लिए आग्रह किया है। गुरुओं के सम्मान को भी रचनाओं में प्राथमिकता दी गई है। कई रचनाओं में प्रकृति वर्णन भी पढ़ने को मिलेगा। सभी रचनाएं नवीन विचारों से ओत- प्रोत है। यह काव्य संग्रह निरन्तर वेदों की दुंदुभी बजाने वाले विश्व आर्य समाज एवं विश्व आर्य युवा शक्ति पंचकूला, हरियाणा के संस्थापक अध्यक्ष अशोक आर्य को उनके सराहनीय कार्यों के लिए समर्पित किया गया है। कैबिनेट मन्त्री रणवीर गंगवा ने डॉ. विनोद शर्मा को उनके नये काव्य संग्रह पर बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »