शीतल अंगुराल ने संभाला भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पद

चंडीगढ़,  भाजपा के एससी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने शुक्रवार को पंजाब भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पदभार संभाल लिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें कार्यालय में कुर्सी पर बिठाकर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामना दी।
इस मौके पर एससी मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव संजय निर्मल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, मोर्चे के पूर्व अध्यक्ष एसआर लद्धड़, राष्ट्रीय सचिव संतोष सिंह गुमटाला, स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी समेत मोर्चे के पदाधिकारी, जिला स्तरीय नेता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

full15023 1

वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ लेने की सलाह
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि शीतल अंगुराल मेहनती, सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता हैं। उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में एससी मोर्चा पंजाब के हर क्षेत्र में भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए प्रभावी ढंग से काम करेगा। उन्होंने अंगुराल को पूर्व अध्यक्षों, विशेष रूप से एसआर लद्धड़ सहित वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और सहयोग का लाभ लेने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि एससी समुदाय का पंजाब और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान है। भाजपा गुरु रविदास जी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता के लिए काम करती रही है। ढिल्लों ने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने एससी मोर्चे से सामाजिक और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
‘2027 में भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें’
पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में राज्य नशे, कानून-व्यवस्था और गैंगस्टरवाद जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने दावा किया कि युवा, किसान, मजदूर, कर्मचारी और शिक्षक समेत समाज का हर वर्ग सरकार के प्रदर्शन से निराश है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंजाब सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को जनता के सामने रखने तथा केंद्र की भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में भी एससी मोर्चे की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
2027 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए ढिल्लों ने कहा कि अब पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह मैदान में उतरकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि एससी मोर्चा यदि जमीनी स्तर पर पूरी ताकत से काम करे और कार्यकर्ता लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखें तो पंजाब में भाजपा की मजबूत सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह नई जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि एससी मोर्चा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के साथ 2027 में भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »