चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी बेचने से पहले नो-ड्यूज जमा कराने की शर्त खत्म

 

प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स एसोसिएशन की मांग पर प्रशासन का फैसला, खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया होगी आसान और तेज

चंडीगढ़: शहर में प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त से जुड़ी एक अहम प्रक्रिया में लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब लीज होल्ड प्रॉपर्टी बेचने से पहले नो-ड्यूज सर्टिफिकेट जमा कराने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स एसोसिएशन चंडीगढ़ के प्रयासों के बाद प्रशासन ने यह फैसला लिया है। इस संबंध में चंडीगढ़ के डीसी निशांत यादव ने आदेश जारी कर दिए हैं।

प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स एसोसिएशन चंडीगढ़ के अध्यक्ष विक्रम चोपड़ा ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि नो-ड्यूज की अनिवार्यता के कारण प्रॉपर्टी की बिक्री प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होती थी। इससे खरीदार और विक्रेता दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

गौरतलब है कि जुलाई में एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर नो-ड्यूज सर्टिफिकेट की लंबी प्रक्रिया से लोगों को राहत देने की मांग उठाई थी। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष बताया था कि प्रॉपर्टी ट्रांजेक्शन के दौरान नो-ड्यूज प्रक्रिया पूरी करने में समय लगने के कारण कई बार सौदों में देरी होती है।

एसोसिएशन की मांग पर विचार करते हुए प्रशासन ने अब प्रॉपर्टी की बिक्री के समय नो-ड्यूज सर्टिफिकेट जमा कराने की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है। डीसी निशांत यादव की ओर से जारी आदेश को प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण और राहत भरा कदम माना जा रहा है।

एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहर में प्रॉपर्टी लेन-देन की प्रक्रिया अधिक सरल और तेज होगी। नो-ड्यूज की लंबी प्रक्रिया खत्म होने से आम लोगों के साथ-साथ प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स को भी राहत मिलेगी और खरीद-फरोख्त में होने वाली अनावश्यक देरी कम होगी।

एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की ओर से उठाया गया यह कदम चंडीगढ़ के प्रॉपर्टी बाजार में पारदर्शिता और कारोबार को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगा।

#Chandigarh #ChandigarhNews #PropertyNews #PropertyConsultants #PropertyDeal #RealEstate #RealEstateNews #LeaseholdProperty #NoDuesCertificate #PropertyTransaction #ChandigarhAdministration #PropertyMarket #RealEstateIndia #PropertyConsultantsAssociation #VikramChopra #NishantYadav #ChandigarhRealEstate

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »