#bnnindianews
श्रीनगर: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों को अब अपने क्षेत्र में आधुनिक अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। शिक्षा मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को भवन निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। ई-लाइब्रेरी में ई-लर्निंग, विभिन्न विषयों की पुस्तकें, पर्याप्त अध्ययन कक्ष और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।
भवन को दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी सुगम बनाया जा रहा है। रैंप सहित अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह ई-लाइब्रेरी श्रीनगर के साथ कीर्तिनगर और चौरास क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र बनेगी।
अधिकारियों के अनुसार, ई-लाइब्रेरी से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसी तरह की ई-लाइब्रेरी का निर्माण कोटद्वार में भी किया जा रहा है।