रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाएं, जिला योजना, आजीविका एवं रोजगार सृजन कार्यक्रम और 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बताया कि जनपद के लिए कुल 399 घोषणाओं में से 155 पूरी हो चुकी हैं, 24 लंबित हैं और अन्य विभिन्न स्तरों पर कार्यरत हैं।
जिलाधिकारी ने लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता से पूरा करने, रुद्रपुर और खेड़ा में आवास निर्माण, शिव मंदिर सौंदर्यीकरण, ग्रामीण सड़क और खेल मैदान निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने के निर्देश दिए। जसपुर व खटीमा में अधिवक्ताओं के चैम्बर निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट-2026 के क्रियान्वयन पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टर आधारित कचरा प्रबंधन लागू होगा। जिले की 373 ग्राम पंचायतों को 78 से अधिक क्लस्टरों में बांटकर कूड़ा संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त, पीडी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला चिकित्सा अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।