#bnnindianews
रोटरी क्लब, चंडीगढ़ एवं नेचर नाइन फाउंडेशन के आपसी सहयोग से “प्रोजेक्ट वृद्धि” के तहत आयोजित हुआ समारोह
21 जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें की गई वितरित
चंडीगढ़:–अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-42, चंडीगढ़ में रोटरी क्लब, चंडीगढ़ एवं नेचर नाइन फाउंडेशन द्वारा “प्रोजेक्ट वृद्धि” के अंतर्गत सिलाई मशीन वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रो. रवि प्रकाश (डी.जी., रोटरी मंडल 3080) की गरिमामयी उपस्थिति में 21 सिलाई मशीनें जरूरतमंद महिलाओं को वितरित की गईं, ताकि वे घर से ही कार्य कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकें। इस मौके पर आभा शर्मा प्रेसिडेंट रोटरी क्लब चंडीगढ़, अरुण अग्रवाल सेक्रेटरी रोटरी क्लब चंडीगढ़ और नीरज सूद-नेचर नाइन फाउंडेशन से उपस्थित थे।
कार्यक्रम में पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “हर घर रोजगार” की भावना के साथ आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त करते हैं। वो आयोजकों का आभार प्रकट करते हैं, जिनके प्रयास की बदौलत यह जरूरतमंद महिलाएं आत्मसम्मान की जिंदगी जी सकेंगी।
इस अवसर पर सफाई मित्रों को उनके समर्पण और सेवा भावना के लिए सम्मानित किया गया। वहीं वार्ड में सामाजिक कार्यों में सक्रिय महिलाओं को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
रोटरी क्लब द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया, यह सराहनीय कदम न केवल महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि समाज में आत्मनिर्भरता और सम्मान के नए आयाम भी स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, रोटरी क्लब के सदस्य तथा स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।