Site icon

नशामुक्त संदेश के साथ चंडीगढ़ सेक्टर-46 में 20 अक्टूबर को मनेगा दशहरा, 106 फुट के रावण का होगा दहन

Screenshot 2026 10 18 17 35 06 32 40deb401b9ffe8e1df2f1cc5ba480b12

चंडीगढ़:** श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी की ओर से सेक्टर-46 के सब्जी मंडी ग्राउंड में 20 अक्टूबर को 29वां दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर 106 फुट ऊंचे रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा।

कमेटी के चेयरमैन जतिंदर भाटिया ने रविवार को सेक्टर-46 के श्री सनातन धर्म मंदिर में प्रेस वार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन की ‘नशामुक्त चंडीगढ़’ मुहिम के तहत इस बार नशे का प्रतीकात्मक पुतला भी जलाया जाएगा, ताकि युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा सके।

रथ पर सवार रावण की घूमती गर्दन, आंखों से निकलते अंगारे और नाभि से बहती अमृत धारा इस बार का मुख्य आकर्षण होंगे। सोने की लंका का दहन भी लोगों को देखने को मिलेगा।

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। जीजीडीएसडी कॉलेज सोसाइटी के उपाध्यक्ष प्रो. सिद्धार्थ शर्मा अध्यक्षता करेंगे। आयोजन में महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रो. प्रदीप सिंह वालिया और चंडीगढ़ प्रशासन के एसडीई सरबन सिंह को ‘चंडीगढ़ रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3 बजे सेक्टर-46 के मंदिर से शोभायात्रा निकलेगी, जो सेक्टर-47 और 45 होते हुए शाम 4:30 बजे आयोजन स्थल पहुंचेगी। मंच पर विभिन्न रामलीला कमेटियों के कलाकार संवाद प्रस्तुत करेंगे। सूर्यास्त के बाद मंत्रोच्चारण के साथ पुतला दहन होगा।

आयोजकों को ट्राइसिटी से एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। स्थल पर करीब 8,000 कुर्सियां लगाई गई हैं। सुरक्षा के लिए चंडीगढ़ पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि दमकल और एंबुलेंस की भी व्यवस्था होगी। कार्यक्रम का कई टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

Exit mobile version