चंडीगढ़ में देश की पहली पिच एंड पुट गोल्फ लीग का ऐलान, लोगो लॉन्च
6 से 13 दिसंबर तक चंडीगढ़ गोल्फ कोर्स में होंगे मुकाबले, आठ टीमों के 80 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर। चंडीगढ़ गोल्फ एसोसिएशन (सीजीए) ने रविवार को अपने परिसर में पिच एंड पुट लीग (पीपीएल) का आधिकारिक लोगो लॉन्च किया। इसके साथ ही भारत की पहली पिच एंड पुट लीग शुरू करने की घोषणा की गई। इंडियन पिच एंड पुट एसोसिएशन (आईपीपीए) के तत्वावधान में आयोजित यह लीग 6 से 13 दिसंबर तक चंडीगढ़ गोल्फ एसोसिएशन के गोल्फ कोर्स में होगी।
चंडीगढ़ गोल्फ एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी आर.के. पचनंदा ने बताया कि लीग में आठ टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 10 खिलाड़ी होंगे और कुल 80 खिलाड़ी पहले चैंपियन बनने के लिए मुकाबला करेंगे। इसका उद्देश्य गोल्फ को अधिक लोगों तक पहुंचाना और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।
इंडियन पिच एंड पुट एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष मुनीश अरोड़ा ने बताया कि पिच एंड पुट गोल्फ का छोटा प्रारूप है। इसमें कम दूरी के शॉट लगाने और गेंद को होल में डालने की सटीकता पर जोर रहता है। छोटे कोर्स के कारण नए खिलाड़ी भी आसानी से इस खेल से जुड़ सकते हैं।
सीजीए के उपाध्यक्ष सिद्धार्थ कुमार ने कहा कि लीग से गोल्फ के प्रति लोगों की रुचि बढ़ेगी और नए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा।
इस अवसर पर सीजीए के कोषाध्यक्ष पुनीत सूद, महासचिव करण महाजन तथा संयुक्त सचिव सोरभ तायल और संदीप सरूप सहगल भी उपस्थित रहे।

