चंडीगढ़, 8 अक्टूबर: शहर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से वीरवार को सेक्टर 24 स्थित वार्ड नंबर 12 में जय सरस्वती रामलीला कमेटी और दशहरा कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 24 पुलिस चौकी के सहयोग से नशे के खिलाफ जन जागरूकता रैली का आयोजन किया।
रैली में सेक्टर 24 पुलिस चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह अपनी टीम के साथ शामिल हुए और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया।
रैली सेक्टर 24 दशहरा ग्राउंड से शुरू होकर सेक्टर 24-डी स्थित वेरका बूथ तक पहुंची। इस दौरान कमेटी के कार्यकर्ताओं ने लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की।
कमेटी के अध्यक्ष प्रेम शम्मी ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया तथा यूटी पुलिस के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस की ओर से शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की सप्लाई और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।
शम्मी ने कहा कि युवाओं को सही दिशा दिखाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने की जरूरत है, ताकि वे नशे से दूर रहकर समाज और देश के निर्माण में योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि रामलीला और दशहरा कमेटी समाज हित में जनसेवा के कार्य आगे भी जारी रखेगी और अपने साथियों के साथ मिलकर शहर में नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का अभियान जारी रखेगी।
इस अवसर पर कमेटी के उपाध्यक्ष जनक राज, डायरेक्टर रमेश, हरभजन सिंह, विजय कुमार, परमिंदर मंडल प्रधान, विशाल मनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

