Site icon

गौशाला में हरा चारा बिक्री बंद होने पर गौ सेवा समिति ने जताई चिंता

633d06a7 d7ad 4d1c 925f cb54de58341f

गौ भक्तों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू करने की मांग, नगर निगम आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप की अपील

चंडीगढ़। गौ सेवा समिति ट्राईसिटी चंडीगढ़ ने गौशाला में गौ भक्तों द्वारा अपनी श्रद्धा के अनुसार हरा चारा खरीदकर पशुओं को खिलाने की व्यवस्था बंद किए जाने पर चिंता व्यक्त की है। समिति अध्यक्ष शशि शंकर तिवारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने गौशाला का दौरा कर व्यवस्थाओं और पशुओं की स्थिति का जायजा लिया।

समिति पदाधिकारियों के अनुसार, पहले गौ भक्त अपनी इच्छा और श्रद्धा के अनुसार ₹100, ₹200, ₹500 अथवा अपनी क्षमता के मुताबिक हरा चारा खरीदकर गौशाला में पशुओं को खिलाते थे। इससे पशुओं को अतिरिक्त चारा उपलब्ध होता था और लोगों को प्रत्यक्ष रूप से गौ सेवा करने का अवसर भी मिलता था। समिति का कहना है कि चारा बिक्री बंद होने के बाद कई दानी और गौ भक्त गौशाला पहुंचकर निराश होकर लौट रहे हैं।

समिति के महासचिव अरविंद सिंह ने कहा कि यदि गौ भक्त अपने स्तर पर हरा चारा खरीदकर पशुओं को खिलाना चाहते हैं, तो इस व्यवस्था को बंद करने का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

समिति ने कहा कि नगर निगम की ओर से पशुओं के लिए उपलब्ध कराया जाने वाला नियमित चारा अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन गौ भक्तों द्वारा अपनी श्रद्धा से अतिरिक्त हरा चारा उपलब्ध कराना भी गौ सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। समिति के अनुसार, विशेष रूप से कमजोर, घायल और बीमार पशुओं के लिए अतिरिक्त पोषण की आवश्यकता को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

गौ सेवा समिति ने मांग की कि यदि किसी प्रशासनिक, स्वास्थ्य या सुरक्षा संबंधी कारण से गौशाला में हरा चारा बेचने की व्यवस्था बंद की गई है, तो नगर निगम को इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। साथ ही ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिससे पशुओं की देखभाल के साथ-साथ गौ भक्तों को भी सेवा का अवसर मिलता रहे।

समिति ने नगर निगम आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए गौशाला में हरा चारा उपलब्ध कराने की पूर्व व्यवस्था को पुनः शुरू करने अथवा गौ भक्तों को अपनी श्रद्धा के अनुसार हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाने की मांग की है।

समिति अध्यक्ष शशि शंकर तिवारी ने कहा कि गौशाला केवल पशुओं को रखने का स्थान नहीं, बल्कि गौ सेवा और जनभावनाओं से जुड़ा केंद्र भी है। इसलिए गौशाला से संबंधित किसी भी व्यवस्था में पशुओं की जरूरतों के साथ गौ भक्तों की भावनाओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

इस अवसर पर गौ सेवा समिति ट्राईसिटी चंडीगढ़ के अध्यक्ष शशि शंकर तिवारी, प्रदेश सचिव भाजपा चंडीगढ़ एवं समिति महासचिव अरविंद सिंह, जतिन मिश्रा, नरेश यादव, प्रवीण खत्री, नीरज कुमार, तिलक राज, गणेश झा, रामकुमार, दिनेश यादव, संगम यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं गौ भक्त मौजूद रहे।

जारीकर्ता:
शशि शंकर तिवारी एवं अरविंद सिंह
महासचिव, गौ सेवा समिति ट्राईसिटी चंडीगढ़
संपर्क: +91 95015 47444

Exit mobile version