चंडीगढ़। पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 5,10,807 श्रद्धालुओं को देश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा चुके हैं। यह जानकारी पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने वीरवार को पंजाब भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 9 नवंबर 2025 को इस योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत 50 वर्ष से अधिक आयु के पंजाब के लोगों को विभिन्न धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाई जा रही है। इनमें श्री दरबार साहिब, दुर्गियाना मंदिर और श्री रामतीर्थ सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं।
तीन नए धार्मिक यात्रा मार्ग शुरू
तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि 12 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीर्थ यात्रा योजना के तहत तीन नए धार्मिक यात्रा मार्ग शुरू किए। इनमें खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी, मथुरा-वृंदावन, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं। इन नए मार्गों के शुरू होने के बाद पंजाब के वरिष्ठ नागरिक इन स्थलों की भी यात्रा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 12,450 से अधिक बसों के माध्यम से विभिन्न संगठनों से जुड़े श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचाया जा चुका है।
भोजन, ठहरने और चिकित्सा की व्यवस्था
मंत्री के अनुसार, तीर्थ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यात्रियों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था के साथ मेडिकल टीम और गाइड भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
काशी यात्रा के लिए केंद्र से जवाब का इंतजार
सौंद ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को काशी (वाराणसी) ले जाने के लिए केंद्र सरकार से विशेष रेलगाड़ियां चलाने का आग्रह किया गया है। हालांकि, अभी तक केंद्र सरकार की ओर से इस संबंध में कोई जवाब नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि ट्रेन के माध्यम से तीर्थ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के विकल्प पर भी पंजाब सरकार विचार करेगी।
