Site icon

भाजपा का सेवा संकल्प अभियान :17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा कार्यक्रम

full15067

चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और जन्मदिवस के अवसर पर चंडीगढ़ भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जनभागीदारी से सेवा गतिविधियां आयोजित कर ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।

मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ से होगी। इस दौरान रक्तदान शिविर समेत विभिन्न सेवा गतिविधियां होंगी। शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में बूथ, परिवार और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी घरों में दीप जलाएंगे।

 

 

नुक्कड़ नाटक से योजनाओं की जानकारी

अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थियों की सफलता की कहानियां सोशल मीडिया पर साझा करने तथा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ जैसे कार्यक्रम होंगे। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच 25 सेवा थीम पर गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

चंडीगढ़ भाजपा के मेडिकल सेल ने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की सहायता के लिए ‘आयुष्मान मित्र’ हेल्पलाइन शुरू की है। हेल्पलाइन नंबर 7341113573 पर 17 सितंबर से सहायता उपलब्ध होगी। वहीं, लीगल सेल की ओर से ‘न्याय परामर्श केंद्र’ शुरू किया गया है। इसके तहत हर शुक्रवार सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में नागरिकों को निःशुल्क कानूनी परामर्श और मार्गदर्शन दिया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री रामबीर भट्टी, मीडिया प्रभारी रवि रावत, मीडिया सेल इंचार्ज ललित तकियार और लीगल सेल इंचार्ज रंजन लोहान मौजूद रहे।

Exit mobile version