सेक्टर-48 की रामलीला अब सेक्टर-51 में, वैदिक परंपरा के साथ दिखेगा एआई का संगम

चंडीगढ़, 4 सितंबर 2026: जय श्री रामलीला मंच (रजि.), चंडीगढ़ की ओर से इस वर्ष सेक्टर-51 में भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा। पहले सेक्टर-48 में रामलीला का आयोजन करने वाला मंच इस बार नए स्थान और नए स्वरूप के साथ दर्शकों के सामने आएगा। रामलीला का आयोजन 10 से 21 अक्टूबर 2026 तक सेक्टर-51 में कस्टम एवं सेंट्रल एक्साइज सोसाइटी के सामने वाले मैदान में किया जाएगा। वहीं 20 अक्टूबर को विशाल दशहरा समारोह आयोजित होगा।IMG 20260904 WA0358

 

इस संबंध में सेक्टर-17 में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंच के चेयरमैन हरमोहींदर सिंह लक्की, सलाहकार राजीव मोदगिल, चंडीगढ़ की पूर्व डिप्टी मेयर तरुणा मेहता और पार्षद प्रेमलता मौजूद रहीं। मंच के प्रधान विकास सोनी ने बताया कि इस बार रामलीला को भव्य और आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी की गई है।

रामलीला का निर्देशन चंडीगढ़ में रामलीला के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय प्रदीप कुमार के मार्गदर्शन में होगा। उन्हें रामलीला निर्देशन और अभिनय का 48 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने 34 वर्षों तक रावण की भूमिका निभाई है। इस बार उनके पुत्र मोहित लंकापति रावण की भूमिका में नजर आएंगे। मोहित को चंडीगढ़ में श्रेष्ठ रावण की भूमिका के लिए पांच बार सम्मानित किया जा चुका है।

मंच के महासचिव अमित सूरी ने बताया कि इस बार रामलीला में पारंपरिक वैदिक रामलीला को आधुनिक नाट्य कला के साथ जोड़ा जाएगा। अत्याधुनिक लाइट और साउंड सिस्टम के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसके माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े आकर्षक और प्रभावशाली दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इस तकनीकी प्रस्तुति में मंच आर्ट्स एवं थिएटर सोसाइटी के निर्देशक हीरा सिंह और उनकी टीम सहयोग करेगी।

मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि जय श्री रामलीला मंच का उद्देश्य सनातन परंपराओं और संस्कृति को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाना है। मंच ने शहरवासियों से अपील की कि वे सेक्टर-51 में आयोजित होने वाली रामलीला और दशहरा समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाएं।

#bnnindianews #Chandigarh #Ramleela2026 #Sector51 #Dussehra2026 #JaiShriRam #ChandigarhNews #Ramleela #SanatanSanskriti #ArtificialIntelligence #AI #Dussehra #TricityNews

Exit mobile version