#bnnindianews #uttrakhand #dehradun
चमोली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), देहरादून की ओर से सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा मीडिया की भूमिका पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने किया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, नशामुक्ति, स्वरोजगार, स्थानीय उत्पाद और जीआई टैग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों को ब्लॉक स्तर तक आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने कहा कि स्थानीय मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक और सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला में अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार और स्थानीय मुद्दों को लेकर विस्तृत संवाद भी हुआ।

