Bnnindianews
पंचकूला/ 20 जुलाई:- सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन बनाने तथा बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के मार्गदर्शन में पंचकूला पुलिस एवं पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य ट्रैफिक अवेयरनेस पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्व से जोड़ना तथा उन्हें Something नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार इस प्रतियोगिता में पंचकूला के विभिन्न स्कूलों के कुल 1060 विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता की उपस्थिति में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से ट्रैफिक सिग्नल, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग, गति सीमा, सड़क संकेतों तथा अन्य यातायात नियमों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करते हुए सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। प्रतियोगिता के दौरान अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
पंचकूला पुलिस ने कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां बच्चों में यातायात नियमों के प्रति समझ विकसित करने के साथ-साथ परिवार और समाज तक भी सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनती हैं। पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का पालन करवाना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार की भावना विकसित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सभी के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

