#bnnindianews
पंचकूला:- कुमाऊं सभा (पंजी.), चंडीगढ़ द्वारा उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति, प्रकृति और खुशहाली का प्रतीक प्रसिद्ध पारंपरिक त्योहार ‘हरेला पर्व 2026’ इंडस्ट्रियल एरिया, फेज़-2, पंचकूला में बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। ‘एक पेड़, खुशहाली के नाम’ और ‘एक पौधा माँ के नाम’ के संकल्प के साथ आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कुमाऊंनी परिवारों और स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। सभा कै मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडे ने बताया कि ये पौधा रोपण कार्यक्रम प्रधान गोकुल सिंह नगरकोटी की अध्यक्षता में हुआ और इसमें 500 पौधे लगाए गए
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी बी.के. सूद, प्रधान, व्यापर मंडल, ओम प्रकाश चुग, उपाध्यक्ष, हरियाणा चेंबर ऑफ कॉमर्स ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत कीI आए हुए सभी मुख्य और अति विशिष्ट अतिथियों का कार्यकारिणी के सदस्यों ने स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया I कार्यक्रम की शुरुआत उत्तराखंड की पारंपरिक लोक परंपराओं के अनुसार हुई, जहां सभी ने प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि और सभा के पदाधिकारियों द्वारा फ़ैक्ट्री नंबर 335 के सामने स्थित पार्क में पौधरोपण अभियान (Tree Plantation Drive) का शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि मेयर श्याम लाल बंसल ने कुमाऊं सभा के इस अनूठे प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हरेला जैसे पर्व हमें अपनी मिट्टी और पर्यावरण से जोड़ते हैं। आज के समय में ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए ऐसे पौधरोपण अभियान बेहद जरूरी हैं। उन्होंने सभी प्रवासियों को अपनी संस्कृति को जीवंत रखने के लिए बधाई दी।
सभा के प्रधान गोकुल सिंह नगरकोटी ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सुबह सभी परिवारों ने अपने-अपने घरों में सुख-समृद्धि के प्रतीक हरेला को काटने और बुजुर्गों से आशीर्वाद लेने की पारंपरिक रस्म पूरी की। इसके बाद शाम को सभी सदस्यों ने अपनी व्यावसायिक व्यस्तताओं से समय निकालकर इस सामूहिक पौधरोपण अभियान में अपनी सक्रिय जन-भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना और प्रकृति माँ के प्रति आभार प्रकट करना है।
इस महा-अभियान के दौरान पार्क में 500 छायादार, फलदार और औषधीय पौधे रोपे गए। साथ ही उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों ने इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प भी लिया। पौधारोपण के बाद कार्यकारिणी ने आए हुए सभी लोगों का हरेला त्यौहार के उपलक्ष्य में मिठाई खिलाकर मुँह मीठा करवाया I कार्यक्रम के अंत में समस्त कार्यकारिणी और कुमाऊं सभा ने मुख्य अतिथि, सभी सम्मानित सदस्यों और मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह प्रकृति उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ कुमाऊं सभा की कार्यकारणी व पदाधिकारी गण व एरिया कमेटी पंचकुला के सभी पदाधिकारी गण व कुमाऊं सभा का महिला प्रकोष्ठ नारी शक्ति मौजूद रही

