#bnnindianews
चंडीगढ़:- पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘इश्कनामा’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है। होटल रेडिसन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म चर्चा का विषय बन गई। फिल्म में पहली बार अभिनेता जैय रंधावा और अभिनेत्री शहनाज गिल की जोड़ी बड़े पर्दे पर नजर आएगी, जिसे लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह है।
ट्रेलर में रोमांस, एक्शन और इमोशनल ड्रामा की दमदार झलक देखने को मिली। पत्रकारों से बातचीत में अभिनेता जैय रंधावा, शहनाज गिल, सौरभ सचदेवा, अंजुम बत्रा, निर्मल निम्मा, धीरज रत्तन तथा निर्देशक अरविंदर सिंह खैरा ने बताया कि फिल्म की कहानी सच्चे प्यार और वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में जैय रंधावा ‘निम्मा’ और शहनाज गिल ‘नाज़िमा’ के किरदार में नजर आएंगी।
निर्माताओं के अनुसार, अपने किरदार को प्रभावी बनाने के लिए जैय रंधावा ने विशेष शारीरिक परिवर्तन किया और कड़ी ट्रेनिंग ली। फिल्म के एक खतरनाक एक्शन दृश्य की शूटिंग के दौरान वह घायल भी हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पूरी प्रतिबद्धता के साथ शूटिंग पूरी की।
फिल्म में मशहूर गायक बी प्राक, अभिनेता अंजुम बत्रा, सौरभ सचदेवा और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। गीतकार जानी का संगीत और गीत फिल्म की खास आकर्षण हैं। फिल्म का निर्देशन अरविंदर सिंह खैरा ने किया है, जबकि निर्माता सौरभ राणा हैं।
बड़े कैनवास पर बनी इस फिल्म की शूटिंग पंजाब के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ राजस्थान की खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है। वर्ष 2025 में रिलीज हुई ‘बदनाम’ के बाद यह वर्ष 2026 में जैय रंधावा की पहली पंजाबी फिल्म होगी।
निर्माताओं के अनुसार, ‘इश्कनामा’ 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया के बाद फिल्म से दर्शकों और पंजाबी फिल्म उद्योग को काफी उम्मीदें हैं। रोमांस, संगीत और दमदार एक्शन का संगम लिए यह फिल्म पंजाबी सिनेमा के दर्शकों के लिए एक यादगार सिनेमाई अनुभव देने का दावा कर रही है।

