Site icon

चंडीगढ़ गोल्फ लीग 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी संपन्न, 24 फ्रेंचाइजी टीमों ने चुने 144 खिलाड़ी

high

#bnnindianews

चंडीगढ़ गोल्फ लीग 2026: खिलाड़ियों की नीलामी संपन्न, 24 फ्रेंचाइजी टीमों ने तैयार किए स्क्वॉड

चंडीगढ़, 14 जुलाई (भाषा): चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में रविवार को चंडीगढ़ गोल्फ लीग (सीजीएल) के पांचवें संस्करण के लिए खिलाड़ियों की नीलामी संपन्न हो गई। लीग के 2026 सत्र से पहले आयोजित इस नीलामी में 24 फ्रेंचाइजी टीमों ने अपने-अपने स्क्वॉड को अंतिम रूप दिया। इस वर्ष तीन नई फ्रेंचाइजियों के शामिल होने से लीग में कुल टीमों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।

नीलामी के दौरान टीम मालिकों के बीच अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ उभरती प्रतिभाओं को शामिल करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कुल 205 गोल्फरों ने नीलामी के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 144 खिलाड़ियों को विभिन्न फ्रेंचाइजियों ने खरीदा।

प्रत्येक खिलाड़ी की आधार बोली 20,000 अंकों से शुरू हुई। प्रत्येक फ्रेंचाइजी में 10 कोर खिलाड़ी और छह नीलामी के जरिए चुने गए खिलाड़ी शामिल हैं। सभी 24 टीमों ने अपनी कोर टीम में तीन-तीन सिंगल हैंडीकैप खिलाड़ियों को पहले ही शामिल कर लिया था। इसके अतिरिक्त 29 सिंगल हैंडीकैप खिलाड़ी नीलामी के लिए उपलब्ध थे।

नीलामी में किसी एक खिलाड़ी के लिए सबसे अधिक 3,90,000 अंकों की बोली लगी।

चंडीगढ़ गोल्फ लीग का आयोजन तीन अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। एक महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में फ्रेंचाइजी आधारित प्रारूप के तहत टीमों के बीच मुकाबले होंगे।

चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के अध्यक्ष मेजर आर.एस. विर्क ने सभी टीम मालिकों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “वन गेम, वन स्पिरिट, वन फैमिली” के संदेश के साथ यह लीग केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि गोल्फ को बढ़ावा देने का एक समावेशी मंच है, जहां हर आयु, लिंग और पृष्ठभूमि के खिलाड़ियों को समान अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि लीग भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ खेल भावना और क्लब की गोल्फ संस्कृति को भी मजबूत कर रही है।

चंडीगढ़ गोल्फ लीग के चेयरमैन एवं क्लब के उपाध्यक्ष डॉ. अतुल सचदेव ने कहा कि वर्ष 2022 में शुरू हुई यह लीग आज क्लब के प्रमुख आयोजनों में शामिल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी आधारित प्रारूप और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा ने क्लब के सदस्यों में जबरदस्त उत्साह पैदा किया है तथा लीग लगातार लोकप्रिय होती जा रही है।

नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सभी 24 फ्रेंचाइजियों ने अपने-अपने स्क्वॉड तय कर लिए हैं और अब लीग के पांचवें संस्करण के रोमांचक मुकाबलों का इंतजार है।

Exit mobile version