चंडीगढ़: एमबीबीएस की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में एमबीबीएस की वार्षिक प्रवेश क्षमता 150 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 अतिरिक्त सीटों की मंजूरी दे दी है।
GMCH प्रशासन ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संस्थान और क्षेत्र की चिकित्सा शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। प्रशासन के अनुसार, सीटों में बढ़ोतरी से अधिक संख्या में मेधावी छात्रों को उत्तर भारत के प्रमुख सरकारी मेडिकल संस्थानों में से एक GMCH में एमबीबीएस करने का अवसर मिलेगा।
प्रशासन ने कहा कि यह मंजूरी संस्थान द्वारा उच्च शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने, आवश्यक अधोसंरचना को मजबूत करने और NMC के गुणवत्ता मानकों का लगातार पालन करने के प्रयासों का परिणाम है। इससे भविष्य में दक्ष और संवेदनशील डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी तथा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
देशभर में मेडिकल छात्रों की लंबे समय से मांग रही है कि MBBS सीटों की संख्या बढ़ाई जाए, क्योंकि उपलब्ध सीटों की तुलना में उम्मीदवारों की संख्या कहीं अधिक है। इसी दिशा में केंद्र सरकार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और मौजूदा संस्थानों में सीटें बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है, ताकि अधिक छात्रों को डॉक्टर बनने का अवसर मिल सके और देश में डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा सके।
NEET-UG के जरिए मिलता है MBBS में प्रवेश
भारत में MBBS पाठ्यक्रम में प्रवेश NEET-UG परीक्षा के आधार पर होता है। परीक्षा में निर्धारित कटऑफ हासिल करने के बाद उम्मीदवार 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा और 85 प्रतिशत स्टेट कोटा की काउंसलिंग में भाग लेते हैं। सीटों का आवंटन NEET रैंक, उम्मीदवार की पसंद, आरक्षण नियम और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाता है। काउंसलिंग के बाद दस्तावेज़ सत्यापन और निर्धारित शुल्क जमा करने पर संबंधित मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होती है।

