#bnnindinaews
मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में शानदार वापसी करते हुए मिस्र को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दो गोल से पिछड़ने के बावजूद अर्जेंटीना ने अंतिम 13 मिनट में तीन गोल दागकर यादगार जीत दर्ज की। जीत के हीरो लियोनल मैसी रहे, जिन्होंने पेनल्टी चूकने के बाद बराबरी का अहम गोल किया, जबकि इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट में एंजो फर्नांडेज ने विजयी गोल दागा।
मिस्र ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की। यासिर इब्राहिम ने 15वें मिनट में हेडर से गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली, लेकिन मिस्र के गोलकीपर मुस्तफा शोबिर ने मैसी की पेनल्टी रोककर टीम की बढ़त बरकरार रखी। शोबिर ने पहले हाफ में एलेक्सिस मैक एलिस्टर और जूलियन अल्वारेज के खतरनाक प्रयास भी विफल किए।
दूसरे हाफ में मुस्तफा जिको ने 67वें मिनट में गोल कर मिस्र की बढ़त 2-0 कर दी और टीम को बड़ी जीत के करीब पहुंचा दिया। हालांकि अर्जेंटीना ने हार नहीं मानी। 79वें मिनट में क्रिस्टियन रोमेरो ने गोल कर अंतर कम किया। इसके पांच मिनट बाद मैसी ने शानदार गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट में एंजो फर्नांडेज ने निर्णायक गोल दागकर अर्जेंटीना को 3-2 की रोमांचक जीत दिला दी।
इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना स्विट्जरलैंड से होगा।
मैसी ने इस मुकाबले में विश्व कप 2026 का अपना आठवां गोल किया और गोल्डन बूट की दौड़ में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे (7 गोल) को पीछे छोड़ दिया। लगातार छठा विश्व कप खेल रहे मैसी अब विश्व कप इतिहास में 21 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
मैसी बोले— ‘मुझे माफ करना’
मैच के बाद भावुक दिखे लियोनल मैसी ने कहा, “मैं सामने नहीं देख सकता, मुझे माफ करना। मैं अभी बेहद भावुक हूं। हमारी टीम बेहतरीन खिलाड़ियों का शानदार समूह है। अब हमें आगे बढ़ते रहना है।”
फर्नांडेज ने टीम की जुझारू भावना को बताया जीत की वजह
विजयी गोल करने वाले एंजो फर्नांडेज ने कहा, “कतर विश्व कप के बाद से मैं इस विश्व कप में अपने पहले गोल का इंतजार कर रहा था। भगवान का शुक्रिया कि यह गोल अहम मौके पर आया। हमारी टीम कभी मुश्किल परिस्थितियों में हिम्मत नहीं हारती और हम सभी हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं।”

